- रेपो दर में 0.25 फीसदी की कटौती; आरबीआई एमपीसी का फैसला
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो दर में 25 आधार अंकों की कटौती की। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने तीन दिवसीय बैठक के बाद शुक्रवार को यह एलान किया। विशेषज्ञों ने पहले ही ब्याज दरों कटौती का अनुमान जताया था। इससे पहले, खुदरा महंगाई में गिरावट के बीच आरबीआई ने फरवरी से तीन चरणों में रेपो दर में एक फीसदी कटौती की थी।
विशेषज्ञों का कहना है, विकास दर मजबूत बनी हुई है, लेकिन खुदरा मुद्रास्फीति में तेज गिरावट ने दर में कटौती की अतिरिक्त गुंजाइश पैदा कर दी यहां तक कि आरबीआई गवर्नर ने भी पिछले महीने कहा था कि नीतिगत ब्याज दरों में और कटौती की गुंजाइश है।
गवर्नर ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स (0.25%) की कटौती का एलान किया है, इसके बाद नई दर 5.50% से गिरकर 5.25% पर आ गई है। अच्छी बात यह रही कि मौद्रिक नीति समिति के सभी सदस्य इस कटौती पर सहमत थे।
अपने संबोधन में गवर्नर ने कहा कि ग्रोथ को गति देने के लिए यह फैसला जरूरी था। गौरतलब है कि फरवरी से जून तक आरबीआई ने दरों में कुल 1% की कटौती की थी, लेकिन पिछली दो बैठकों (अगस्त और सितंबर-अक्तूबर) में कोई बदलाव नहीं किया गया था।