धनबाद और जमशेदपुर के मेडिकल कॉलेजों में बड़े स्तर पर विस्तार—यूजी, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में बढ़ोतरी,
टीम एबीएन, रांची। शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज अस्पताल धनबाद में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार किया जा रहा है। अब कॉलेज में 100 की जगह 250 अंडरग्रेजुएट सीटों की व्यवस्था की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग बढ़े हुए छात्रों के लिए सभी सुविधाओं की व्यवस्था करेगा। इसी कड़ी में 450 बेड के नये अस्पताल भवन के निर्माण की योजना बनायी गयी है, जिसमें पुराने अस्पताल की मरम्मत, इमरजेंसी ब्लॉक का उन्नयन और एकेडमिक ब्लॉक की मरम्मत शामिल है। बढ़ी हुई सीटों के अनुसार सभी मेडिकल सुविधाओं को भी बढ़ाया जायेगा।
होस्टल का निर्माण एनएमसी गाइडलाइन के अनुसार
एनएमसी के मानकों के अनुरूप नये हॉस्टलों का निर्माण होगा, जिनमें यूजी छात्रों, पीजी छात्रों, जूनियर रेजिडेंट, सीनियर रेजिडेंट, नर्सिंग स्टाफ के लिए अलग-अलग रहने की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही इनडोर/आउटडोर खेलकूद की भी व्यवस्था होगी।
वर्तमान में अस्पताल नॉर्थ और साउथ कैंपस में विभाजित है। दोनों को एक रैंप से जोड़ा जायेगा। पूरे निर्माण पर लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्देश दिया गया कि इस पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाये ताकि काम शीघ्र शुरू हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न पीजी हॉस्टल को ओपीडी के रूप में तैयार किया जाना चाहिए।
जमशेदपुर एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी बढ़ेंगी सीटें
धनबाद के साथ जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भी सुधार और सीटों में विस्तार की घोषणा की गई है। कॉलेज में 250 यूजी सीटें सीटें होंगी। इसके साथ 150 पीजी सीटें और 30 सुपर स्पेशियलिटी (पोस्ट- पीजी) सीटें भी उपलब्ध कराई जायेंगी। इसके अनुरूप अस्पताल में बेड बढ़ाने, हॉस्टल निर्माण और सभी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश अपर मुख्य सचिव ने दिया।
डोरंडा में बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य भवन
बैठक में स्वास्थ्य भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। पुराने सामुदायिक भवन, डोरंडा कैंपस में यह भवन बनाया जायेगा, जिसकी लागत 131 करोड़ रुपये होगी। इसमें सचिवालय, डायरेक्टरेट के साथ-साथ विभागीय कार्यालय को भी स्थानांतरित एवं संचालित किया जायेगा।