टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने रांची के सदर अस्पताल में बोन मैरो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित करने की बड़ी पहल शुरू कर दी है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस परियोजना के लिए कुल 6 करोड़ 45 लाख रुपये की मंजूरी दे दी है।
सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस यूनिट के संचालन के लिए फ्लोर रेनोवेशन, उपकरणों की खरीद, कंज्यूमेबल्स और स्टाफ सैलरी पर यह राशि खर्च की जायेगी। यह योजना वर्ष 2025-26 की राज्य योजनांतर्गत स्वीकृत की गयी है।
- सदर अस्पताल में हेमेटोलॉजी यूनिट हर साल बड़ी संख्या में बच्चों और वयस्कों का इलाज करती है।
- हर साल 100-150 बच्चे गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों से पीड़ित पाये जाते हैं।
- इस यूनिट के बन जाने से 150-200 नये मरीजों को हर साल बेहतर उपचार मिल सकेगा।
- इनमें से कई को बोन मैरो ट्रांसप्लांट की जरूरत होती है, जो वर्तमान में झारखंड में उपलब्ध नहीं है।
- ट्रांसप्लांट के बाद बच्चों में 50-60% तक रिकवरी की संभावना होती है।
- थैलेसीमिया, एप्लास्टिक एनीमिया, ल्यूकेमिया जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अब राज्य के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यूनिट के बन जाने से
- उच्च स्तरीय इलाज यहीं रांची में उपलब्ध होगा और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।