टीम एबीएन, रांची। जूनियर हॉकी विश्व कप की बहुप्रतीक्षित ट्रॉफी का सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची में बेहद भव्य तरीके से अनावरण किया गया। मोरहाबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस विशेष समारोह में झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार ने ट्रॉफी का अनावरण किया।
ट्रॉफी के आगमन के साथ ही स्टेडियम तालियों, नारों और खेल प्रेमियों की उमंग से गूंज उठा। रांची में इस ट्रॉफी का प्रदर्शन होना राज्य के लिए गर्व का पल माना जा रहा है। यह प्रतिष्ठित एफआईएच जूनियर हॉकी विश्व कप ट्रॉफी देश के अनेक राज्यों का भ्रमण करते हुए सोमवार को झारखंड पहुंची।
स्टेडियम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आम खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसे देखकर यह साफ झलक रहा था कि झारखंड के लोगों में हॉकी के प्रति कितना गहरा लगाव है। ट्रॉफी की एक झलक पाने के लिए बच्चे, युवा खिलाड़ी और स्थानीय लोग उत्साहित नजर आये। कई खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह की अंतर्राष्ट्रीय ट्रॉफी को करीब से देखना अपने आप में एक प्रेरणादायक क्षण है।
28 नवंबर से 10 दिसंबर तक होगा टूर्नामेंट
बता दें कि 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाला जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 इस बार तमिलनाडु की मेजबानी में होगा। दुनिया भर की बेहतरीन जूनियर टीमें भारत में जुटेंगी और खिताब के लिए संघर्ष करेंगी।
भारतीय टीम भी टूर्नामेंट की मजबूत दावेदारों में शामिल है और घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रखती है। ट्रॉफी के देशभर में भ्रमण का उद्देश्य भी यही है कि खिलाड़ियों में जागरूकता और उत्साह बढ़ाया जा सके।