- 12 से 28 नवम्बर तक झारखंड में राज्यव्यापी ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन
- सभी जिले करेंगे सहभागिता
टीम एबीएन रांची। झारखंड में 12 नवम्बर 2025 से 28 नवम्बर 2025 तक राज्यव्यापी ब्लड डोनेशन कैंप अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने आज सभी सिविल सर्जनों, ब्लड बैंक के एमओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों (DPRO) एवं CSO प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। इस अवसर पर विभाग की संयुक्त निदेशक रीतू सहाय भी मौजूद रहीं।
बैठक के प्रमुख बिंदु
डॉ. अरोड़ा ने बैठक में दो मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की
- ब्लड डोनेशन कैंप लॉन्चिंग
- ब्लड बैंक की वर्तमान स्थिति का आकलन
उन्होंने बताया कि 12 नवम्बर से ये कार्यक्रम पूरे राज्य में चलाया जाएगा। जिला स्तर पर कैंप कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिया गया।
विशेष सचिव ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि 12 से 28 नवम्बर के बीच आयोजित सभी ब्लड डोनेशन कैंप का कैलेंडर तैयार करें। इसमें जिले के सभी विभाग का सहयोग लिया जाए। एक कैलेंडर तैयार किया जाए जिसे 10 नवंबर तक विभाग को भेजा जाय। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा सोमवार को की जाएगी।
रक्तदान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
डॉ. अरोड़ा ने कहा कि सभी अधिकारी स्वयं ब्लड डोनेट करें और अन्य लोगों को भी डोनेशन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों को कैंप में शामिल किया जाए। रक्तदान पूरी तरह स्वैच्छिक हो किसी से जबरदस्ती न की जाए और रक्तदाताओं के लाभ (benefits) के बारे में व्यापक प्रचार किया जाए।
मीडिया और सोशल मीडिया की सक्रिय भागीदारी पर जोर
बैठक में मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने कहा कि “मीडिया के लोग और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स इस अभियान का हिस्सा बनें ताकि इसकी पहुंच हर नागरिक तक हो। उन्होंने सभी DPRO को निर्देशित किया कि कैंप की तारीख, स्थान और समय की जानकारी का प्रचार करें। आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से पोस्ट जारी करें और झारखंड के रक्तदान झारखंड सोशल मीडिया पेज पर सभी गतिविधियाँ साझा करें।
ब्लड बैंक की स्थिति और ई-रक्तकोष के उपयोग पर चर्चा
बैठक में ई-रक्तकोष पोर्टल के उपयोग पर एक प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से जानकारी दी गई। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि ब्लड बैंक की मैनपावर अत्यंत आवश्यक है। आवश्यकतानुसार कर्मियों की नियुक्ति तुरंत की जाए। जिन ब्लड बैंकों में ई-रक्तकोष का उपयोग नहीं हो रहा, उन्हें 15 दिनों के भीतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए। आवश्यक मशीनों की खरीदारी शीघ्र पूरी करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है यह केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्य बिंदु सारांश
- ब्लड डोनेशन कैंप: 12 से 28 नवम्बर 2025
- राज्यस्तरीय शुभारंभ: रांची में, मुख्यमंत्री द्वारा
- सभी जिलों में ब्लड डोनेशन कैलेंडर तैयार करने के निर्देश
- मीडिया व CSO की भागीदारी अनिवार्य
- ब्लड बैंक की स्थिति व ई-रक्तकोष की समीक्षा
- स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर विशेष बल