रांची से चलने वाली कई ट्रेनें आज रहेंगी रद्द
टीम एबीएन, रांची। राज्यभर में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कल शनिवार की सुबह से ही आदिवासी कुड़मी समाज ने रेल टेका आंदोलन के तहत पटरियों पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।
वहीं यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर तो ट्रेन रोके जाने के कारण यात्री घंटों ट्रेन में ही बैठे रहे। दिनभर काफी बवाल के बाद देर रात केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी पटरियों से उठे और आंदोलन वापस लिया।
इधर, डीआरएम करुणा निधि सिंह ने कहा है कि आंदोलन समाप्त होने पर आज रविवार को रांची रेल डिविजन से प्रयास होगा कि अधिक से अधिक ट्रेनें चलायी जायें। हालांकि रैक उपलब्ध नहीं होने के कारण कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। इस संबंध में रेलवे की ओर से समय रहते आदेश जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
राजधानी समेत 27 ट्रेनें कैंसिल
टाटानगर-बरकाकाना, आद्रा-बरकाकाना, आसनसोल-रांची, रांची-आसनसोल, पटना-रांची वंदेभारत, टाटा-पटना वंदेभारत, रांची-हावड़ा वंदेभारत, हावड़ा-रांची वंदेभारत, बनारस-रांची वंदे भारत, रांची-बनारस वंदेभारत, रांची-हावड़ा इंटर सिटी, हावड़ा-रांची इंटर सिटी, हटिया-पटना एक्सप्रेस, पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, हटिया-हावड़ा क्रियायोगा, हावड़ा-हटिया क्रियायोगा, हटिया-टाटा एक्सप्रेस, जयनगर-टाटा एक्सप्रेस, खड़गपुर-रांची एक्सप्रेस, रांची-खड़गपुर एक्सप्रेस, आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस, वर्द्धमान-हटिया एक्सप्रेस, भागलपुर-रांची एक्सप्रेस, दुमका-रांची एक्सप्रेस, पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस, धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस।