स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर पुलिस का चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा
टीम एबीएन, रांची। स्वतंत्रता दिवस पर आसामाजिक तत्व हो या नक्सली संगठन किसी भी प्रकार की कोई भी बाधा उत्पन्न ना कर कर सके। इसके लिए झारखंड पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों में हर तरह की सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
अलर्ट पर झारखंड पुलिस
झारखंड में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी अंतिम चरण में है। 15 अगस्त को लोकतंत्र के महापर्व को मनाने के लिए लोग बेहद उत्साहित है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस पूरी तरह से स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलर्ट है। खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है।
200 जवानों के जिम्मे मोरहाबादी मैदान की सुरक्षा
राजधानी रांची में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान 200 पुलिस बल के हवाले होगा।
रात से शुरू होगा सघन चेकिंग अभियान
स्वतंत्रता दिवस को लेकर 14 अगस्त की शाम से ही पूरे जिले में पीसीआर, पेट्रोलिंग पार्टी समेत थाना गश्ती को लगातार सड़कों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी चंदन सिन्हा स्वयं पूरी सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी को कई दिशा-निर्देश भी दिये हैं। वहीं रांची एसएसपी ने यह भी आदेश दिया है कि शहर के होटलों पर विशेष नजर रखी जाये, विशेषकर रेलवे स्टेशन के आसपास के होटलों की तलाशी जरूर ली जाये।