रांची में बनेंगे 3 और फ्लाईओवर, सीएम हेमंत ने दी मंजूरी; रांची वासियों को ट्रैफिक से मिलेगी निजात
टीम एबीएन, रांची। रांची में 3 और फ्लाईओवर बनेंगे। जी हां, हेमंत सरकार ने 3 और फ्लाईओवर बनाये जाने की स्वीकृति दे दी है। फ्लाईओवर के बन जाने से राज्यवासियों को ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा मिल जायेगा।
कहां-कहां बनेगा फ्लाईओवर
पहला अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनेगा जबकि दूसरा करमटोली-मोरहाबादी से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर और साइंस सिटी से रिंग रोड तक फोरलेन सड़क बनेगी। वहीं, रांची रेलवे स्टेशन के पीछे से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक एलिवेटेड कॉरिडोर और फोरलेन मार्ग तैयार होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार करने का निर्देश दिया।
सीएम हेमंत ने कहा कि जल्द कार्य आरंभ करें, ताकि योजनाएं जल्द धरातल पर उतर सकें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि न केवल रांची, बल्कि राज्य के अन्य शहरी क्षेत्रों में भी यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान तैयार किये जायें। उन्होंने कहा कि शहरी परिवहन प्रणाली को मजबूत करने के लिए ठोस कार्ययोजना की आवश्यकता है।