- रांची में अब होमगार्ड संभालेंगे शराब दुकानों की कमान, डीसी ने दिये निर्देश
टीम एबीएन, रांची। रांची में सरकारी शराब दुकानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब प्लेसमेंट एजेंसियों की जगह होमगार्ड के जवान इन दुकानों का संचालन करेंगे। इस संबंध में रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने होमगार्ड के समादेष्टा को पत्र भेजा है।
रांची जिले में कुल 166 खुदरा शराब दुकानें हैं, जिनमें 76 विदेशी शराब की दुकानें, 41 देशी शराब की दुकानें, 49 कंपोजिट (विदेशी + देशी) दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों के संचालन के लिए 367 होमगार्ड जवानों की जरूरत बतायी गयी है।
- विदेशी शराब की 76 दुकानों पर हर दुकान में 3 जवान- कुल 228 जवान
- देशी शराब की 41 दुकानों पर 1 जवान- कुल 41 जवान
- 49 कंपोजिट दुकानों पर 2 जवान- कुल 98 जवान
डीसी के पत्र में यह भी उल्लेख है कि शराब दुकानों की नयी संचालन नियमावली लागू होने में करीब 2 महीने का समय लगेगा। तब तक प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए संचालन को लेकर गड़बड़ी की आशंका जतायी गयी है। इसलिए यह फैसला लिया गया है कि अब इन दुकानों की जिम्मेदारी होमगार्ड जवानों को दी जायेगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और संचालन ठीक से हो सके।