राज काज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया संग बैठक के बाद बोले बन्ना गुप्ता- रिम्स में शीघ्र लगेगी जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन
ABN Bureau
•
02 Jan, 2022
विज्ञापन
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना की वर्तमान स्थिति को देख केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सभी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जमशेदपुर से बैठक में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि रांची रिम्स में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सहमति दे दी है। झारखंड में कोरोना के बढ़ते आंकड़े पर उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देख सरकार कड़े निर्णय लेगी। जमशेदपुर में जिला उपायुक्त कार्यालय सभागार में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की बैठक में शामिल हुए, जिसमें धालभूम एसडीओ, डीडीसी, जिला के सिविल सर्जन, जिला सर्विलांस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी राज्य के वर्तमान हालात की जानकारी ली है। इस दौरान कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कई दिशा निर्देश भी दिए हैं। भारत में ओमीक्रोन के संक्रमण का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। झारखंड के सभी जिला में संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस मीटिंग में बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण की गति बढ़ाने के साथ सख्ती से गाइडलाइंस का पालन करने पर चर्चा हुई है। साथ ही 3 जनवरी से 15 वर्ष से 18 वर्ष तक कि आयु वाले बच्चों के टीकाकरण की शुरुआत पर चर्चा की गयी है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में झारखंड में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाने की सहमति बनी है। रांची रिम्स में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में सहिया के मानदेय को 2 हजार से 7 हजार बढ़ाने की मांग की गयी है और आयुष्मान भारत योजना से कोविड-19 को जोड़ा जाए, जिससे गरीबों को सही स्वास्थ्य लाभ मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री से मांग की गयी है कि सभी निजी अस्पतालों में इलाज की अलग-अलग व्यवस्था के लिए एक टैरिफ निर्धारित किया जाए, जिससे इलाज के नाम पर आर्थिक दोहन ना हो सके। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया है। राज्य में संक्रमण के बढ़ते आंकड़े पर बन्ना गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार परिस्थितियां देख जरूरत पड़ने पर कड़े निर्णय लेगी। उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर से 15 से 18 वर्ष तक के आयु वाले बच्चों का टीकाकरण के लिए जमशेदपुर में 8 स्थायी केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में प्रखंड और पंचायत स्तर पर टीकाकरण होगा। टीकाकरण के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
विज्ञापन