सभी पंचायत बने टीवीमुक्त पंचायत : अजय कुमार सिंह
टीम एबीएन, रांची। सभी जिले आने वाले चार दिनों में अपने जिले के सभी टीबी मरीजों को निश्चय पोषण योजना के तहत पोषाहार राशि का भुगतान कर दें। चार दिनों के बाद फिर इसकी समीक्षा की जायेगी। उपर्युक्त बातें अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने सभी जिलों के सिविल सर्जन को संबोधित वीसी में कहीं। उनके साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक अबु इमरान उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सभी सिविल सर्जन को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पंचायत को टीबी मुक्त पंचायत बनाना है। कोशिश होनी चाहिए की अतिशीघ्र सभी पंचायत टीबी मुक्त हो जाएं। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि टीबी मरीज को मिलने वाली पोषाहार की राशि का भुगतान चार दिनों के अंदर डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में करें। 6 महीने की राशि एक साथ मिली चाहिए।
हम आपको बता दें कि यह राशि पहले 500 प्रतिमाह थी लेकिन उसे बढ़ाकर 1000 प्रति माह कर दिया गया है। इस प्रकार प्रति मरीज को 6 महीने की राशि यानी 6000 राशि पोषाहार के रूप में मिलेगी। वीसी के दौरान मिजल्स रूबेला पर चर्चा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने अब तक हुए टीकाकरण की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने सभी को कवरेज बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही एमआर वन और टू के बीच अंतर कम करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने पीएम अभीम एवं 15वें वित्त आयोग के तहत सभी स्ट्रक्चर को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस संबंध में जल्द रिपोर्ट भेजें ताकि राशि की मांग की जा सके। इस निमित्त उन्होंने सभी सिविल सर्जन को अपने जिले के उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक कर समीक्षा करने का निर्देश दिया। अपर मुख्य सचिव ने कोविड की तैयारी की भी समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान बेड की उपलब्धता, आक्सीजन की स्थिति, पीएसए प्लांट की कार्यशीलता और दवाओं की उपलब्धता आदि विषयों पर समीक्षा गई। उन्होंने कहा कि अपने स्तर से समीक्षा करें ताकि कहीं कोई कमी नहीं रहे और किसी मरीज को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि कोविड को हराना है। इस निमित्त सारे सकारात्मक कार्य किए जाने चाहिए। वीसी में संयुक्त सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज के साथ कई अधिकारी उपस्थित थे।