- पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत विद्यालयवार अच्छादित विद्यार्थियों की जांच के लिए बनी दो कमेटी
- विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति करायें सुनिश्चित
- एसएमएस का डेटा शत प्रतिशत से नीचे रहने पर एमडीएम आॅपरेटरों को हटाये जाने की होगी कार्रवाई
- पोषण पखवाड़ा की गतिविधियों को पोर्टल पर करें अपलोड
- स्कूलों में मध्याह्न भोजन के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत विद्यालयवार अच्छादित विद्यार्थियों की संख्या की जांच अब कमेटी करेगी। विद्यार्थियों के आच्छादन की कमियों को लेकर कमेटी की रिपोर्ट उपरांत संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उपायुक्त ने इसके लिए अलग-अलग दो कमेटी बनाई है।
पहली कमेटी में जिला शिक्षा अधीक्षक, नजारत उप समाहर्ता एवं बीईईओ तथा दूसरी कमेटी में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सामान्य शाखा प्रभारी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक को रखा गया है। उपायुक्त सह जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी के अध्यक्ष शशि रंजन आज समाहरणालय सभागार में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के सफल संचालन हेतु सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे।
उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन की उपलब्धता, समयावधि, मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन देने की व्यवस्था, विद्यालयों में कार्यरत योग्य रसोईया सह सहायिका का आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से अच्छादित किये जाने की प्रगति, निर्धारित आयुवर्ग की रसोईया-सह-सहायिका का 50 वर्ष आयु पूर्ण करने वाली रसोइया-सह-सहायिका का सर्वजन पेंशन योजना अतर्गत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन से आच्छादन, विद्यालयवार अच्छादित विद्यार्थियों की संख्या, एसएमएस भेजे जाने की स्थिति, प्रखंडवार विद्यालयों द्वारा किये गये एसएमएस का अंतर, विद्यार्थियों का स्वास्थ्य जांच एवं आईएफए दवा का वितरण, प्रखंडवार स्टीयरिंग-सह-मॉनेटरिंग कमेटी की बैठक की अद्यतन स्थिति आदि की बिंदुवार समीक्षा की।
उपायुक्त शशि रंजन ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जतायी। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत प्रतिशत आॅनलाइन उपस्थिति (एसडीएमआईएस) दर्ज कराने पर ही प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित बीपीओ का वेतन भुगतान किया जायेगा।
उपायुक्त ने मई माह से प्रत्येक विद्यार्थियों की उपस्थिति विद्यालय में सुनिश्चत कराने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने मध्याह्न भोजन की समयावधि एवं पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्याह्न भोजन) मेन्यू के अनुसार देने, विद्यालयवार विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन खिलाये जाने के तुरंत बाद एसएमएस भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत से कम एसएमएस भेजने की स्थिति में एमडीएम के कंप्यूटर आॅपरेटरों को हटाये जाने की कार्रवाई की जायेगी। बीईईओ एवं बीपीओ भी कार्रवाई के दायरे में आयेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए, 15 दिनों में प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कंप्यूटर आॅपरेटरों को पोषण पखवाड़ा की गतिविधियों को विभाग के अधिकृत पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने भी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित कराने, निर्धारित समय पर एसएमएस भेजने संबंधित कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन का नियमित संचालन करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्य में धीमी प्रगति पर स्पष्टीकरण करने, प्रपत्र-क गठित करने संबंधी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, बीईईओ, बीपीओ, बीपीएम एवं मध्याह्न भोजन से संबंधित कंप्यूटर आपरेटर उपस्थित थे।