कन्या पाठशाला छेड़खानी केस मामले में लारपवाही करने पर आइजी ने दो मुंशी और दो एएसआई को किया सस्पेंड
टीम एबीएन, रांची। पुलिस ने कन्या पाठशाला स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोपी फिरोज अली को जेल भेज दिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले चार पुलिस कर्मियों को रांची जोनल आईजी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस संबंध में बताया जा रहा है छात्राओं के साथ हो रहे छेड़खानी की शिकायत करने कन्या पाठशाला के शिक्षक महिला थाना गये।
वहां कहा गया कि यहां पति-पत्नी के मामले का निपटारा होता है। इसके बाद बिना शिकायत दर्ज किये कोतवाली थाना भेज दिया गया। जब शिक्षक कोतवाली थाना पहुंचे, तो वहां के मुंशी ने आवेदन लेकर उसपर किसी अपने वरीय पुलिस पदाधिकारी को इसकी जानकारी नहीं दी, न ही समय रहते कोई कार्रवाई की। इस मामले में आईजी ने दो मुंशी और दो एएसआई को सस्पेंड कर दिया।
आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया
मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मामले की जांच के लिए कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एसआइटी गठित की गयी थी। प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपी ने घृणित कार्य किया है। उसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी। पूर्व में भी यह एक मामले में जेल जा चुका है। छेड़छाड़ के मामले की पुलिस स्पीडी ट्रायल करा कर आरोपी को सख्त सजा दिलाने का अनुरोध कोर्ट से करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपी को जिन लोगों ने संरक्षण दिया था, उनकी भी पड़ताल की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।