वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कैसे पूरी होगी योजना?
टीम एबीएन, पलामू। मंईयां सम्मान योजना के तहत राशि जारी नहीं होने से झारखंड सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि पैसा मिलने में देरी क्यों हो रही है। अब सरकार की ओर से इसका जवाब आ गया है। दरअसल, प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी होने के कारण मंईयां सम्मान योजना की राशि अब तक महिलाओं के खाते में नहीं आ पार्यी है।
जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और लाभुकों के खाते में उतनी ही राशि जाएगी। यह बात झारखंड सरकार के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कही है। राधाकृष्ण किशोर पलामू स्थित कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार जो भी घोषणा करती है, उसे पूरा भी करती है। 50 लाख लाभुकों के खाते में हर महीने 2500-2500 रुपये दिए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना की राशि पूरी करने के लिए सरकार कई बिंदुओं पर काम कर रही है। झारखंड को 70 फीसदी राजस्व कमर्शियल डिपार्टमेंट से मिलता है। राजस्व में बढ़ोतरी होने से मंईयां सम्मान योजना की राशि पूरी हो जायेगी।