बायोमेट्रिक पंजी से कर्मियों के आगमन प्रस्थान का समय देखा गया
कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए लिपिक एवं राजस्व कर्मचारी को शो-कॉज
दाखिल-खारिज के लंबित मामलों का ससमय निष्पादन का निर्देश
परिशोधन पोर्टल के कार्य में प्रगति की ली जानकारी
टीम एबीएन, रांची। सभी कर्मचारी कार्यालय समय से आयें और बायोमेट्रिक हाजिरी बनाना सुनिश्चित करें। आवेदन स्वीकृति के पश्चात् ही अवकाश पर जायें। कार्यालय को साफ रखें। दाखिल- खारिज मामलों के निष्पादन में तेजी लायें। उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री द्वारा उक्त निर्देश आज शहर अंचल कार्यालय में सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को दिये गये।
उपायुक्त रांची ने आज दिनांक 13/12/2024 को संध्या समय शहर अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उपायुक्त ने कार्यालय में उपस्थित कर्मियों की उपस्थिति पंजी और बायोमेट्रिक उपस्थिति की जांच की। कार्यालय में अनुपस्थित पाये गये एक लिपिक एवं राजस्व कर्मचारी को शो-कॉज करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।
उपायुक्त श्री भजंत्री ने अंचल अधिकारी मुंशी राम से दाखिल-खारिज के लंबित मामलों की जानकारी ली और पंजी- 2 के परिशोधन पोर्टल के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अंचल कार्यालय परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने अंचल अधिकारी को कार्यालय के आधारभूत संरचना को अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी अंचल कर्मियों को दक्षतापूर्वक और पूरी पारदर्शिता के साथ जन कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सभी कर्मचारी समय से कार्यालय आयें। अपने कार्यालय को साफ-सुथरा रखें। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों के कार्यालय आगमन-प्रस्थान के समय की जांच बायोमेट्रिक हाजिरी से होगी ।