- उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने किया औचक निरीक्षण
- पदाधिकारियों/कर्मियों की उपस्थिति की जांच, अनाधिकृत रुप से अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई का निर्देश
- अंचल अधिकारी पाये गये अनुपस्थित, शो-कॉज और वेतन रोकने का निर्देश
- प्रखंड के प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करें : उपायुक्त
- बेहतर कार्य प्रगति के लिए उपायुक्त ने पदाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कांके का भी उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
टीम एबीएन, कांके/ रांची। उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने आज दिनांक 10 दिसंबर 2024 को कांके प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
पदाधिकारियों/कर्मियों की उपस्थिति की जांच
शाम करीब 04:30 बजे प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचते ही उपायुक्त ने बायोमेट्रिक अटेंडेंस मंगवाकर पदाधिकारियों/ कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। प्रखंड कार्यालय में बारी-बारी से सभी कर्मियों की उपस्थिति जांचते हुए उन्होंने बीडीओ को अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहनेवाले कर्मियों पर नियमसंगत कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
अंचल अधिकारी को शो-कॉज, वेतन रोकने का निर्देश
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी जय कुमार अनुपस्थित पाये गये। उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को शो-कॉज करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया। कांके अंचल के अमीन रामलाल महतो के 9 एवं 10 दिसंबर 2024 को हेहल अंचल में कार्य किये जाने को सत्यापित करवाने का भी निर्देश उपायुक्त ने दिया। श्री भजंत्री ने कहा कि सभी पदाधिकारी/कर्मी ससमय कार्यालय आयें और पूरी कार्यावधि के दौरान तन्मयता से कार्य करते हुए आमजनों की समस्याओं का निष्पादन करें।
आम लोगों को न काटना पड़े कार्यालय का चक्कर, समस्याओं का करें त्वरित समाधान : उपायुक्त
उपायुक्त श्री भजंत्री ने प्रखंड तथा अंचल के लॉग बुक, आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ पंजी, संचिका, जनशिकायत, पेंशन तथा अन्य की जांच की गयी। मौजूदा एवं पिछले वित्तीय वर्ष में अबुआ आवास का लक्ष्य और कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने त्वरित गति से आवास पूर्ण करवाने के निर्देश दिये। उपायुक्त ने किस्त के भुगतान में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। अंचल के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में म्यूटेशन के लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने यथाशीघ्र मामलों का निष्पादन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी यह सुनिश्चित करें कि आमजनों को बेवजह कार्यालय का चक्कर न काटना पड़े।
प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश
बढ़ती ठंड के मद्देनजर उपायुक्त ने कांके प्रखंड के प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस बात भी ध्यान रखें कि ठंड में रात्रि में कोई भी खुले जगह में न रहे।
समुचित साफ-सफाई का निर्देश
उपायुक्त ने पूरे प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने बीडीओ से पानी, बिजली, शौचालय, सोलर सिस्टम आदि व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय परिसर अवस्थित सीडीपीओ, बीएसओ, बीपीओ, सीएससी सहित अन्य पदाधिकारियों/ कर्मियों के कार्यस्थल का निरीक्षण करते हुए समुचित साफ-सफाई के निर्देश दिये।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कांके का निरीक्षण
उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कांके का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पालियों में चिकित्सकों/ कर्मियों की उपस्थिति की जांच करते हुए सभी को ससमय उपस्थित रहने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य केंद्र के एंबुलेंस में पर्याप्त आक्सीजन की उपलब्धता एवं साफ-सफाई का निर्देश उपायुक्त ने दिया। उन्होंने सभी वार्डों में पानी, साफ-सफाई, जेनरेटर, सोलर सिस्टम एवं अन्य व्यवस्था दुरुस्त करने को भी कहा।