दूसरे एवं अंतिम चरण की तैयारी पूरी
टीम एबीएन, रांची। दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान काउंटडाउन शुरू हो गया है। 20 नवंबर को सुबह सात बजे से राज्य के 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए निर्वाचनकर्मी बूथों के लिए रवाना हो चुके हैं। रांची के मोरहाबादी से सिल्ली एवं खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हो रहे निर्वाचनकर्मियों में खासा उत्साह देखा जा रहा था।
बातचीत में निर्वाचनकर्मियों ने कहा कि उनके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है, जिसे पूर्व की तरह पूरी निष्ठा के साथ निभायेंगे। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभाल रही महिला पुलिस कहती हैं कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गयी है उसे वो बखूबी निभायेंगी। प्रदेश की कुल 38 सीटों पर मतदान में 27 सामान्य, 03 एससी और 08 एसटी सीट शामिल है।
इस चरण में 17,062 कंट्रोल यूनिट, 22,217 बैलेट यूनिट और 18,483 वीवीपैट का इस्तेमाल होगा। इस चरण में कुल 14,218 बूथों में 2,414 शहरी और 11,804 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। महिला संचालित बूथों की संख्या 239 है और औसतन प्रत्येक बूथ पर 871 वोटर मतदान करेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं, जिसमें केंद्रीय बलों के साथ-साथ राज्य पुलिस के जवान की तैनाती की गयी है।
बता दें कि इस चुनाव में संथाल की 18 सीटों सहित कुल 38 सीटों के लिए मतदान होना है। जिसमें 528 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इन प्रत्याशियों में 472 पुरुष और 55 महिला के अलावा एक थर्ड जेंडर भी चुनाव मैदान में है। दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव झारखंड का राजनीतिक भविष्य तय करेगा।
इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीट हैं जहां दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। एक तरफ चुनाव मैदान जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। वहीं दूसरी ओर उनकी पत्नी गांडेय चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा रबींद्रनाथ महतो, बाबूलाल मरांडी, सीता सोरेन सहित हेमंत मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों का राजनीतिक भविष्य तय होना है।