रांची को मिला पहला फ्लाईओवर
सीएम हेमंत ने किया उद्घाटन
टीम एबीएन, रांची। रांची के लोगों को शुक्रवार को बहुत बड़ी सौगात मिली है। कोकर के शांतिनगर से बहु बाजार के पास योगदा सत्संग आश्रम तक बने फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2.24 किमी लंबी कांटाटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम ने फ्लाईओवर से लोगों का अभिवादन किया।
बता दें कि डीआरए इंफ्राकॉम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण किया है। कार्यक्रम के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने 2,471.90 करोड़ की 27 योजनाओं का शिलान्यास और 792.10 करोड़ की चार योजनाओं का उद्घाटन भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रांची शहर की एक-एक इंच का महत्व है। यहां कुछ भी बनाना बहुत चुनौती भरा होता है। जब तक सबका सहयोग न मिले, कोई योजना धरातल पर उतारना कठिन हो जाता है।
इस फ्लाईओवर के लिए प्रयास रहा कि कम से कम आम लोगों की जमीन ली जाये। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए योगदा सत्संग ने भी अपनी कुछ जमीन दी है। इस सहयोग के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने आभार जताया। सीएम ने कहा कि हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। हम सभी मिलकर चीजें सुधार सकते हैं।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पहाड़ी मंदिर में झंडा लगाने का हमलोगों ने परमिशन दिया था। आज उसकी वजह से पहाड़ी मंदिर खतरे में आ गया है। इसलिए कुछ भी करने से पहले वैज्ञानिक रूप से चीजों को समझना जरूरी है। आज यह फ्लाईओवर बना है। इसकी देखरेख करना सबकी जिम्मेदारी है। बिजली उपकरणों की चोरी नहीं होनी चाहिए।