- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही हैं रांची, ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में करेंगी शिरकत
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार (19 सितंबर) को रांची आ रही हैं। वे 20 सितंबर को रांची के नामकुम स्थित राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (ICAR-NISA) के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य इस खास अवसर पर मौजूद रहेंगे। संस्थान के निदेशक डॉ अभिजीत कर ने बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ये जानकारी दी।
रांची के नामकुम में राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान है। इसे पहले भारतीय प्राकृतिक राल एवं गोंद अनुसंधान संस्थान और भारतीय लाख अनुसंधान संस्थान के रूप में जाना जाता था। ये संस्थान 20 सितंबर 2024 को अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्थान में शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी।
मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शताब्दी समारोह में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।