नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
टीम एबीएन, रांची। नीति आयोग की बैठक शनिवार को दिल्ली में हो रही है। जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। लेकिन इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल नहीं हुए। दरअसल इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्रियों ने इस बैठक का बहिष्कार किया है। हालांकि इंडिया गठबंधन के ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बैठक में हिस्सा ले रहीं हैं। वह शुक्रवार शाम ही दिल्ली के लिए रवाना हो गयी थी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बैठक में शामिल होने को लेकर संशय बरकरार था। शुक्रवार की रात तक वह दिल्ली नहीं गये थे। वहीं, सीएमओ का इस मामले पर कहना था कि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि वह बैठक में हिस्सा लेंगे या नहीं। लेकिन शनिवार सुबह जब वह बैठक में नहीं पहुंचे तो ये स्पष्ट हो चला था कि वह बैठक में शामिल नहीं होंगे।
हालांकि सीएम ने पिछले दिनों अपने दिल्ली दौरे के दौरान कहा था कि नीति आयोग की बैठक में वह जायेंगे और झारखंड का बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपये की मांग करेंगे। इंडिया गठबंधन के बहिष्कार के बाद फिलहाल संशय की स्थिति बनी हुई है।