कब जारी होगा JAC मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट ? सामने आयी बड़ी जानकारी
टीम एबीएन, रांची। जैक ओर से ली गयी मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट 20 अप्रैल को जारी होने की संभावना है। इसे लेकर जैक ने सारी तैयारी पूरी कर ली है।
मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों की जांच का कार्य पूरा हो गया है। मार्क्स फाइल भी तैयार कर ली गयी है। यह जानकारी जैक की ओर से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव को दी गयी है।
वहीं, जैक की ओर से एक पत्र झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार को लिखा जा रहा है, जिसमें आदर्श आचारसंहिता के बीच छात्र हित को ध्यान में रखते हुए रिजल्ट जारी करने की अनुमति मांगी जायेगी।
20 अप्रैल को जारी होगा मैट्रिक का रिजल्ट
जैक सचिव सच्चिदानंद तिग्गा ने बताया कि 20 अप्रैल को मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया जायेगा। वहीं, इंटर परीक्षा की कॉपियों की जांच का कार्य अभी कुछ जिलों में पूरा नहीं हो सका है।
इस कारण इंटर की परीक्षा का रिजल्ट मैट्रिक के साथ नहीं जारी होगा। इंटर का रिजल्ट 17 मई के आसपास जारी होने की संभावना है। इस बार मार्क्स फाइल तैयार करने में उच्च तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिसका लाभ रिजल्ट तैयार करने में मिल रहा है।