- ईडी की दबिश के बाद पहली बार रांची में दिखे सीएम हेमंत सोरेन, विधायकों की बैठक में कल्पना सोरेन भी मौजूद
टीम एबीएन, रांची। नयी दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तीन ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दबिश के बाद झामुमो नेता मंगलवार (30 जनवरी) को राजधानी रांची में नजर आए। मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने विधायकों के साथ बैठक भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से चार तस्वीरों के साथ एक्स पर एक पोस्ट डाला गया, जिसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायकों की बैठक शुरू।
बैठक में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। यह पहला मौका है, जब कल्पना सोरेन विधायकों की बैठक में शामिल हुईं हैं। इसके साथ ही चर्चा शुरू हो गई है कि हेमंत सोरेन अपने पद से इस्तीफा देकर सरकार की कमान कल्पना सोरेन को सौंप सकते हैं।
सर्किट हाउस में हुई कांग्रेस, झामुमो विधायकों की बैठक
मुख्यमंत्री के सामने आने से पहले राज्य में बड़ी राजनीतिक हलचल के बीच मंगलवार को कांग्रेस और झामुमो विधायकों की बैठक सर्किट हाउस में हुई। बैठक में मंत्री हफीजुल हसन समेत कई विधायक मौजूद थे। हालांकि, बैठक के तुरंत बाद सभी मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री आवास रवाना हो गये।