रांची। झारखंड के आइजी अभियान अमोल वेणुकांत होमकर ने पत्र जारी कर सभी एसपी और एसएसपी को होली में सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने लेटर में लिखा है कि इस साल होलिका दहन और शब-ए-बारात 28.03.2021 को और होली 29.03.2021 को मनाया जाना है। बीते कुछ सालों से कुछ असामाजिक तत्व त्योहार के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करते रहे हैं। जिससे विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने आगे लिखा कि होली के इस त्योहार में अवैध जहरीली शराब बनाकर बेचते हैं। याद होगा कि पिछले कुछ सालों में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की जान चली गई थी। जिस कारण विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हुई थी। इसी तरह इस साल भी भारी मात्रा में अवैध नकली और जहरीली शराब निर्माण कर बेचे जाने की सूचना मिली है। इस विषय में आइजी ने सभी जिले के एसएसपी और एसपी को सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही वैसे व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा है जो पहले भी इस मामले में संलिप्त रह चुके हैं।