- रांची एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पीएम मोदी कर सकते हैं रोड शो, सड़क मार्ग से जायेंगे बिरसा स्मृति पार्क
टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर रांची आनेवाले हैं। इस दौरान उनका रोड शो भी संभावित है। जिसे लेकर राजधानी रांची के बिरसा चौक का सुंदरीकरण किया जा रहा है।
लोगों को उम्मीद है कि पीएम एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से होते हुए बिरसा मुंडा स्मृति पार्क तक आयेंगे। इस दौरान पीएम रोड शो कर सकते हैं। पीएम के खूंटी के उलिहातू जाने का भी कार्यक्रम है। हालांकि, पीएम के आगमन-प्रस्थान और अन्य कार्यक्रमों से जुड़ी विवरणी अधिकृत रूप से अब तक राज्य सरकार को नहीं मिली है।
15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पीएम के कार्यक्रम पर भी चर्चा की गयी थी। इस दौरान यह बात उठी कि पीएम सड़क मार्ग से पार्क आयेंगे, जिसमें वे रोड शो भी कर सकते हैं। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारी पर भी बातें की गयीं।
बताया गया कि पीएम पार्क में 20 से 25 मिनट तक रुक सकते हैं। इसके बाद पीएम राजभवन भी जा सकते हैं, जहां वे 15 से 20 मिनट वह रुक सकते हैं। राजभवन से पीएम एयरपोर्ट चले जायेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिये वे खूंटी जिले के उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री खूंटी के बिरसा स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।