- पलामू प्रमंडल में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर प्रशासन तैयार
- पलामू प्रमंडल में 1302 पूजा पंडाल, दशमी को होगी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन
- चिह्नित 202 संवेदनशील पूजा पंडालों पर रहेगी विशेष नजर, सादे लिबास में प्रतिनियुक्त किये गये जवान व दंडाधिकारी
- सीसीटीवी की जद में रहेंगे पूजा पंडाल, हरेक गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर
- प्रमंडलीय आयुक्त एवं जोनल आईजी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
टीम एबीएन, पलामू। पलामू प्रमंडल में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिले पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां की गयी है।
लोक भावनाओं को आहत करने एवं सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल एवं जोनल आईजी राजकुमार लकड़ा ने कही। अधिकारीदव्य दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर आज आईजी सभागार में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रेसवार्ता में उपनिदेशक जनसंपर्क आनंद भी उपस्थित थे।
आयुक्त और आईजी ने बताया कि पूजा के अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले असमाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जायेगा। पलामू प्रमंडल में उपद्रवियों की पहचान कर ली गयी है। पलामू जिले में 86, गढ़वा में 100, एवं लातेहार जिले में 64 उपद्रवियों को अबतक चिह्नित किया गया है।
इसके अलावा पूर्व के कांडो में संलिप्त पलामू जिले के 100, गढ़वा के 50 एवं लातेहार जिले के 50 आरोपितों को चिह्नित कर उनकी धर-पकड़ की कार्रवाई चल रही है। इससे अलावा धारा 107 के अंतर्गत पलामू जिले में 2002, गढ़वा में 608 एवं लातेहार जिले में 901 लोगों को नोटिस निर्गत करते हुए तामिला कराया गया है। साथ ही 50 से अधिक व्यक्तियों को बॉड-आॅन किया गया है।
प्रमंडल क्षेत्र में 1302 पंडाल
पलामू प्रमंडल में 1302 पूजा पंडाल बनाये गये हैं। पलामू जिला में 581, गढ़वा जिले में 575 एवं लातेहार जिले में 146 पूजा पंडाल निर्मित है। पूर्व की घटनाओं एवं सीमावर्ती राज्य की सीमाओं पर अवस्थित पूजा पंडालों को संवेदनशील पूजा पंडाल के रूप में चिह्नित किया गया है। पलामू जिले में 66, गढ़वा में 89, एवं लातेहार जिले में 47 पूजा पंडालों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित करते हुए विशेष निगरानी की जा रही है।
चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था
दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस जवानों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ होमगार्ड के जवान लगाये गये हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
पूजा पंडाल एवं उसके आसपास सादे लिबास में पुलिसकर्मी एवं दंडाधिकारी भी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। पलामू जिले में 83 क्यूआरटी टीम, गढ़वा में 42 एवं लातेहार जिले में 30 क्यूआरटी टीम बनाया गया है। इसके अलावा आईआरबी, जिला पुलिस एवं होम गार्ड के जवान लगाये गये हैं। पलामू के लिए रैफ जवानों की एक कंपनी की भी मांग की गयी है।
जरूरत पड़ने पर सीआरपीएफ की भी सेवा ली जायेगी। पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गयी है। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन से निगरानी होगी। इसके अलावा पूजा समिति के पदाधिकारियों से वोलेंटियर रखने का अपील किया गया है। वोलेंटियर का समिति द्वारा एक पहचान पत्र भी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा हो सके।
शांति समिति की बैठक में दिये गये हैं विशेष निर्देश
पलामू प्रमंडल के तीनों जिले में जिला स्तर से लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक संपन्न हो चुकी है। इसके अलावा उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पूजा के मद्देनजर फ्लैग मार्च एवं निरीक्षण किया है।
ट्रैफिक व्यवस्था में अतिरिक्त जवानों की तैनाती
दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है, ताकि पूजा पंडाल घूमने आने वाले एवं मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं हो।
सोशल मीडिया पर विशेष नजर
पूजा के मद्देनजर सोशल मीडिया पोष्ट पर विशेष नजर रखी जा रही है। आपत्तिजनक, भ्रामक एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले पोष्ट पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।
वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल पोस्ट को नियमित रूप से खंगाला जा रहा है। वाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट की स्थिति में ग्रुप एडमिन भी कार्रवाई के दायरे में आयेंगे। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से भी गतिविधियों की जानकारी ली जायेगी।
रात्रि 10 बजे के बाद डीजे की मनाही
माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर मनाही है। वहीं अन्य समयाकाल में भी भक्ति गाने ही बजाने की सलाह पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों को दी गयी है। पूजा समिति के सदस्यों से भी अपील की गयी है कि वे निर्धारित समयावधि में ही डीजे बजायें। आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गानों का प्रयोग बिल्कुल ही वर्जित है।
साफ-सफाई का विशेष ध्यान
साफ-सफाई के लिए नगर निगम एवं नगर परिषद के माध्यम से पूजा पंडाल के आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। पूजा समिति की भी सफाई की अपनी व्यवस्था है। पंडाल में आने वाले श्रद्धालु भक्तों को किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं होगी। आम श्रद्धालुओं एवं पूजा समिति के सदस्यों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता को बनाये रखने में प्रशासन को मदद करें।
निर्बाध विद्युत व्यवस्था
आयुक्त एवं आईजी ने बताया कि पूजा के मद्देनजर सभी स्ट्रीट लाइट को चालू किया जा रहा है। खराब स्ट्रीट लाइट का मरम्मत कार्य भी चल रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को अंधेरे का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा भीड़- भाड़ वाले इलाके एवं पंडाल के आसपास के लूज व ढीले तारों को दुरुस्त कर लिया गया है।
मिठाइयों की होगी जांच
पूजा के मद्देनजर बाजार में मिलने वाली मिठाइयों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री को लेकर दुकानों में छापेमारी कर मिलावटखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। विशेषकर मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रकार के दुकानों में छापेमारी कर नमूना संग्रह करने एवं आवश्यक कार्रवाई का निदेश दिया गया है।