एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक राष्ट्र एक चुनाव मुद्दे पर गठित समिति की शनिवार को यहां पहली बैठक हुई, जिसमें मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टियों और विधि आयोग से इस बारे में सुझाव मांगने तथा उनका दृष्टिकोण जानने का निर्णय लिया गया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व नेता विपक्ष राज्यसभा गुलाम नबी आजाद, 15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे एनके सिंह, लोकसभा के पूर्व महासचिव डॉ सुभाष सी कश्यप और पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी ने भाग लिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे बैठक में आभासी रूप से शामिल हुए जबकि लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया। श्री कोविंद ने सदस्यों के समक्ष समिति के कामकाज के तौर तरीकों की रूपरेखा रखी। समिति ने निर्णय लिया कि एक राष्ट्र एक चुनाव के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टियों, राज्यों की सत्ताधारी राजनीतिक पार्टियों, संसद में प्रतिनिधित्व रखने वाली राजनीतिक पार्टियों और अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों से सुझाव देने तथा उनका दृष्टिकोण स्पष्ट करने के लिए कहा जायेगा।
इसके अतिरिक्त समिति विधि आयोग से भी सुझाव तथा उसका दृष्टिकोण बताने को कहेगी। इस समिति का गठन इस महीने की दो तारीख को किया गया था।