राज काज
सीएम हेमंत सोरेन आज करेंगे सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की समीक्षा
ABN Bureau
•
28 Jun, 2023
•
4 मिनट में पढ़ें
34 Views
विज्ञापन
ऑनलाइन जुड़ेंगे सभी जिलों के डीसी
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की समीक्षा करने वाले हैं। झारखंड मंत्रालय में दिन के 11 बजे से होने वाली इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के सचिव रहेंगे।
बैठक में जिला स्तर पर समीक्षा करने के लिए सभी डीसी ऑनलाइन जुड़ेंगे। सरकार का मानना है कि इस कार्यक्रम से आम लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिलने में सहायता मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह अभियान ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदन निष्पादित हुए हैं और लोगों को लाभ मिला है।
सरकारी कार्यालयों से जुड़ी आम लोगों की छोटी-मोटी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से हेमंत सरकार द्वारा आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत पिछले वर्ष 12 अक्टूबर से की गयी थी। इस अभियान के तहत राज्य सरकार के द्वारा राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, विकलांगता, बिजली संबंधी समस्या, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने का उद्देश्य था। इसके लिए बड़ा अभियान शुरू किया गया था।
आंकड़ों के मुताबिक, इस अभियान के तहत 55,44,554 आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित सरकार को प्राप्त हुए, जिसमें से 55,36,636 आवेदन निष्पादित कर दिये गये हैं। वहीं 7,918 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन है। इस अभियान के तहत नया राशन कार्ड बनाना, वृद्धावस्था पेंशन, पुराने हैंडपंप की मरम्मत, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, धोती साड़ी लूंगी योजना, राशन डीलर संबंधित शिकायतें, विधवा पेंशन, पेंशन शिकायतें, विभिन्न तरह के प्रमाणपत्रों से संबंधित शिकायतें, किसान क्रेडिट कार्ड छात्रवृत्ति योजना से संबंधित आवेदन का निष्पादन किया जाता है।
विज्ञापन