Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

झारखंड : जानें उत्कृष्ट विद्यालय में कैसे मिलेगा दाखिला

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
झारखंड : जानें उत्कृष्ट विद्यालय में कैसे मिलेगा दाखिला
विज्ञापन

नामांकन प्रक्रिया शुरू 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 80 उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गयी है। इसे लेकर स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने जिलों को दिशा-निर्देश जारी किया है। विभाग द्वारा जिलों को भेजे गये पत्र के अनुसार विद्यालयों में जिन कक्षाओं का संचालन पहली बार शुरू करने का निर्णय लिया गया है, उनमें नामांकन के लिए जिला स्तर पर चयन के लिए प्रवेश परीक्षा ली जायेगी। 

इसके आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार कर नामांकन लिया जायेगा। राज्य के कुल 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में से 48 में कक्षा छह से 12वीं तक, 27 में नौवीं से 12वीं तक, चार में कक्षा एक से 12वीं तक और एक विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। 

इनमें से 48 विद्यालय में कक्षा छह में व 27 में कक्षा नौवीं में नामांकन लिया जायेगा, जबकि पांच विद्यालय में कक्षा एक में नामांकन शुरू होगा। इन 80 विद्यालयों में 24 कस्तूरबा विद्यालय एवं सात मॉडल विद्यालय भी शामिल हैं। 

मॉडल स्कूलों में कक्षा छह में नामांकन के लिए जैक प्रवेश परीक्षा लेगा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए स्वीकृत 75 में से 25 सीट पर चयन परीक्षा के तहत नामांकन होगा। जिलों से विद्यालयों में नामांकन के लिए उपलब्ध सीट के आधार पर झारखंड शिक्षा परियोजना विज्ञापन जारी करेगा। 

नामांकन के लिए जमा आवेदन के आधार पर जिला द्वारा प्रक्रिया पूरी की जायेगी। नामांकन को लेकर विस्तृत जानकारी संबंधित जिले की वेबसाइट से ली जा सकती है। नामांकन के लिए पहली लिस्ट 15 मई तक जारी होगी। 

उत्कृष्ट विद्यालयों में सीबीएसइ पाठ्यक्रम पर पढ़ाई होगी। सभी विद्यालयों को सीबीएसइ से मान्यता दिलायी जायेगी। 80 में 26 विद्यालयों को सीबीएसइ से मान्यता मिल गयी है। 

विद्यालयों में नामांकन को लेकर हेल्प डेस्क बनाने के लिए कहा गया है। जहां अभिभावक नामांकन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा संबंधित जिला के डीइओ कार्यालय में भी हेल्प डेस्क बनाया जायेगा।

विज्ञापन