Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 188
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

जी-20 समिट : सज-धज रही राजधानी, तैयारियां अंतिम चरण में

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
जी-20 समिट : सज-धज रही राजधानी, तैयारियां अंतिम चरण में
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में जी-20 (दुनिया के विकासशील और विकसित देशों का संगठन) की बैठक दो मार्च को होने वाली है। जी-20 देशों के डेलीगेट्स के स्वागत तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जी-20 के 60 डेलीगेट इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। पहले सीसीएल के दरभंगा हाउस स्थित सभागार में बैठक होनी थी। 

इन डेलीगेट्स के रहने की व्यवस्था होटल रेडिशन ब्लू और स्टेशन रोड स्थित होटल बीएनआर चाणक्या में की गयी है। हालांकि, बीएनआर प्रबंधन ने अभी बुकिंग फाइनल नहीं होने की बात कही है। सभी डेलीगेट एक मार्च को रांची पहुंच जायेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उन्हें हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, कडरू व पंजाबी हिंदू बिरादरी भवन होते हुए होटल रेडिशन ब्लू और होटल बीएनआर चाणक्या ले जाया जायेगा। इस दौरान आम लोगों के लिए जरूरत के मुताबिक कुछ समय तक ट्रैफिक व्यवस्था रोकी जायेगी। वहीं, डेलीगेट की सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट से होटल पहुंचने तक सड़क के किनारे, ऊंचे भवनों पर शस्त्रधारी पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी। 

हर चौक-चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा सभी डेलीगेट को हाई सिक्योरिटी में एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचाया जायेगा। होटल के अंदर और बाहर व्यापक सुरक्षा इंतजाम होंगे। इसके अलावा बैठक के दिन जो डेलीगेट होटल बीएनआर में रहेंगे, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वहां से होटल रेडिशन ब्लू लाया जायेगा।

 सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय के स्तर से रांची पुलिस को एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर व एसआइ के अलावा बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल दिये जायेंगे। बैठक से पूर्व उच्च स्तर पर सारी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होगी।

झारखंड के पारंपरिक खाना का आनंद लेंगे : होटल रेडिशन में एक से चार मार्च तक के लिए 100 रूम बुक किया गया है। डेलीगेट की सुरक्षा के मद्देनजर होटल रेडिशन ब्लू और बीएनआर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी। डेलीगेट के लिए पारंपरिक झारखंडी व्यंजन और मिलेट्स की व्यवस्था की गयी है। विदेशी मेहमान यहां पर मड़ुआ से बने पकवान के साथ ही पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखेंगे। साथ ही उन्हें यादगार के तौर पर झारखंड की पारंपरिक वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की जायेंगी। इन उपहारों को तैयार करने की जिम्मेदारी झारक्राफ्ट को सौंपी गयी है।

सरकार की ओर से झारक्राफ्ट को जिन उपहारों का ऑर्डर दिया गया है, उनमें लगभग 140 पीस बुकमार्क डायरी, 100 सिल्क के बने पारंपरिक जैकेट, लगभग 200 पीस ट्रेडिशनल डोकरा फ्रेमिंग सहित अन्य वस्तुएं शामिल हैं। झारखंड में स्थानिक आयुक्त को ओवरऑल को-ऑर्डिनेशन के लिए नोडल अफसर नामित किया गया है।

तीन मार्च को पतरातू लेक का भ्रमण करेंगे डेलीगेट : तीन मार्च को जी-20 देशों के डेलीगेट पतरातू लेक का भ्रमण करेंगे। इसे लेकर डेलीगेट के रहने वाले होटल से लेकर कांके रोड, पिठोरिया होते हुए पतरातू लेक तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। वहीं, पतरातू लेक में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

रांची में जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। राज्य का पर्यटन विभाग लगातार तैयारियों का जायजा ले रहा है और आवश्यकतानुसार संबंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिये जा रहे हैं। शहर के साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क के किनारे लगने वाले ठेलों को भी बंद कर दिया गया है। रांची में होने वाली जी-20 की बैठक को लेकर मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को शामिल किया गया है।

रांची के हिनू इलाके और एयरपोर्ट क्षेत्र में वॉल पेंटिंग की गयी है, जिसमें झारखंड की संस्कृति और परंपरा को दर्शाया गया है। प्रशासन की तरफ से बताया गया कि जी-20 शिखर सम्मेलन में जो प्रतिनिधि आयेंगे, वे लोग सबसे पहले एयरपोर्ट क्षेत्र से होते हुए होटल की ओर जायेंगे। इसलिए एयरपोर्ट क्षेत्र को सुसज्जित और सुंदर बनाया जा रहा है, ताकि विश्व भर से आये डेलिगेट्स की नजर में रांची की अच्छी छवि बन सके।

विदेशों से आये डेलिगेट्स को सहयोग प्रदान करने के लिए उनके साथ एक अधिकारी की तैनाती की जायेगी, जो दिन भर उनके साथ रहेंगे। जिला प्रशासन ने बताया कि जिन अफसरों की तैनाती डेलिगेट्स के साथ की गई है, वह सभी पदाधिकारी डेलिगेट्स के आगमन, भ्रमण, होटल में ठहरने और प्रस्थान के समय प्रोटोकॉल का पालन को सुनिश्चित करायेंगे।

नगर निगम की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार जगह जगह गमले और सड़क किनारे फेंसिंग का भी काम किया जा रहा है। बिरसा चौक, राजेंद्र पुल चौक के अलावा राजभवन से बूटी मोड़ तक शहर में साफ सफाई के काम के लिए मजदूर लगे हुए हैं। नगर निगम के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि रांची और आसपास के जो महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, जहां पर जी-20 के डेलिगेट्स भ्रमण करेंगे, उन क्षेत्रों में भी साज सज्जा और सारी सुविधाओं के इंतजाम किये जा रहे हैं।

विज्ञापन