रांची। विधानसभा बजट सत्र के अपने समापन भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने संकेत दि या है कि रामनवमी और सरहुल के जुलूस पर इस साल भी रोक रहेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहा कि झारखंड में कोरोना फिर से पांव पसारने की कोशिश कर रहा है। दूसरी फेज की बात सामने आ रही है। इसलिए हमें सतर्कता के साथ आगे बढ़ना होगा। कोरोना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने डिजास्टर मैनेजमेंट के साथ बैठक भी की है और पदाधिकारियों को गंभीर निर्देश भी दिये हैं। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि सोमवार को 105 नये संक्रमित मिले हैं जो चिंता का कारण है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सबसे अधिक पलायन करने वाला जिला गिरिडीह है, जहां एक भी कोरोना का केस नहीं है। यह भी देखा जा रहा है ऐसा क्यों है? मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान कहा कि राज्य में कुल 35 प्रतिशत सरकारी पद खाली हैं। ऐसे में सरकार विकास के पैमाने पर कैसे आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने विकास की एक लकीर खींची है, पर लकीर इतनी टेढ़ी-मेढ़ी है कि उसको सही करने में ही समय लग जायेगा।