एबीएन सेंट्रल डेस्क। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ देश के 50वें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया नियुक्त किये गये हैं। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने यह जानकारी दी है। मौजूदा सीजेआई उदय उमेश ललित के 65 वर्ष की आयु पूरी कर लेने पर सेवानिवृत्त हो जाने के एक दिन बाद 9 नवंबर को जस्टिस चंद्रचूड़ प्रधान न्यायाधीश के तौर पर शपथ लेंगे। न्यायमूर्ति ललित का 74 दिनों का संक्षिप्त कार्यकाल रहा, जबकि सीजेआई के पद पर न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ का कार्यकाल 2 सालों का होगा। रीजीजू ने ट्वीट किया कि संविधान के द्वारा प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए माननीय राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के जज डॉ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ को देश का प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 9 नवंबर 2022 से प्रभावी होगी। जस्टिस चंद्रचूड़ 10 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त होंगे।