पावर कट ने 11 मिनट के लिए ठप कर दी बोकारो स्टील प्लांट की रफ्तार, करोड़ों का नुकसान
ABN Bureau• 25 Sep, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, बोकारो/रांची। सेल के बोकारो स्टील प्लांट में शनिवार को 11:04 बजे अचानक पावर कट हो जाने से प्लांट ब्लैक आउट हो गया।।जिस कारण 11 मिनट तक प्लांट पूरी तरह से बंद हो गया। सभी यूनिट ठप पड़ गये और इस कारण करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जाहिर की जा रही है।
मजदूर यूनियन के नेता इसे प्रबंधन की बड़ी लापरवाही मान रहे हैं। इधर, बोकारो स्टील के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने पावर कट होने की पुष्टि करते हुए बताया कि 11.04 बजे लगभग डीवीसी का दोनों लाइन ट्रिप कर गया, लेकिन 11.15 में पावर फिर से आ गया। इस दौरान पॉवर ट्रिप करने के कारण प्लांट का मिल्स एरिया और अन्य कुछ इकाई प्रभावित हुए, जिन्हें अब सामान्य किया जा रहा है। पॉवर ट्रिप होने पर बीपीएससीएल द्वारा प्लांट के केटेगरी -1 जोन में पॉवर बैक अप की व्यवस्था होती है। प्लांट परिचालन जल्द सामान्य हो जायेगा। उन्होंने बताया कि इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्लांट में पावर कट के बाद से पूरे शहर में बिजली गुल हो गई है। वहीं इस प्लांट में पावर कट को लेकर एनजेसीएस के नेता राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह प्रबंधन की बड़ी लापरवाही है, क्योंकि इस तरह पावर कट होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था जो बोकारो स्टील प्लांट के द्वारा कर रखा जाता है, उसमें अपने आप प्लांट का लोड शिफ्ट हो जाता है। ऐसे में जिस तरह की बात सामने आई है वह जांच का विषय है। प्रबंधन को इस मामले की जांच करनी चाहिए, क्योंकि प्लांट को करोड़ों का नुकसान होने की आशंका है।