एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों की चोट की समस्या गहराती जा रही है और टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी मुश्किल स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की फिटनेस बन गई है। रवींद्र जडेजा घुटने की चोट के कारण एशिया कप 2022 से बाहर हो गए हैं और जो जानकारी निकल कर आ रही है, उसके मुताबिक वह अगले महीने से ऑस्ट्रेलिया में शुरू हो रहे टी20 विश्व कप में भी नहीं खेलेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के हवाले से बताया है कि जडेजा को सर्जरी से गुजरना होगा, जिसके चलते वह लंबे समय के लिए मैदान से बाहर रहेंगे। रवींद्र जडेजा हाल ही में टीम इंडिया के साथ यूएई में थे, जहां वह एशिया कप 2022 में खेल रहे थे। जडेजा ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ पहले दो मैचों में खेले थे। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में जडेजा ने 35 रन बनाकर टीम इंडिया को जिताया था, जबकि दूसरे मैच में उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक बड़ा विकेट भी हासिल किया था। ऐसे में स्टार ऑलराउंडर की अनुपस्थिति रोहित शर्मा की टीम के लिये बड़ा झटका होगी। रिपोर्ट में बीसीसीआई अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि जडेजा की की चोट काफी गंभीर है और उनकी वापसी को लेकर फिलहाल कोई समय तय नहीं किया जा सकता बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जडेजा की दाहिने पैर के घुटने की चोट काफी गंभीर है। उन्हें एक बड़ी सर्जरी करानी होगी और वह अनिश्चित समय तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे। इस समय अगर नेशनल क्रिकेट एकेडमी की मेडिकल टीम के आकलन को देखा जाये तो उनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी के लिये कोई समयसीमा नहीं दी जा सकती।