एबीएन डेस्क। भारत की स्टार महिला मुक्केबाज और छह बार की विश्व चैंपियन मैरीकॉम ने टोक्यो ओलंपिक में जीत के साथ आगाज किया है। रविवार को मैरीकॉम ने 51 किग्रा भारवर्ग के पहले दौर में डोमिनियन रिपब्लिक की खिलाड़ी हर्नांडिज गार्सिया को 4-1 से शिकस्त दी। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम ने अपने से 15 साल जूनियर और पैन अमेरिकी खेलों की कांस्य पदक विजेता को कोई मौका नहीं दिया और अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया। इस जीत के साथ वह अंतिम 16 में प्रवेश कर गई हैं।
तीसरे दौर में पहुंचे शरत कमल
अपना चौथा ओलंपिक खेल रहे अचंता शरत कमल ने शुरू में पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए टोक्यो ओलंपिक खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सोमवार को यहां पुरुष एकल के तीसरे दौर में प्रवेश किया। शरत कमल ने 49 मिनट तक चले इस मैच में पुर्तगाल के 20वीं वरीयता प्राप्त टियागो अपोलोनिया को 4-2 (2-11, 11-8, 11-5, 9-11, 11-6, 11-9) से जीत दर्ज की। उन्हें मंगलवार को तीसरे दौर में चीन के मौजूदा चैंपियन मा लांग की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। लांग अभी विश्व चैंपियन भी हैं। उन्होंने इस खेल से जुड़ा हर खिताब जीता है।
भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम कोरिया से हारी
अतानु दास, प्रवीण जाधव और तरुणदीप रॉय की भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम तोक्यो ओलिंपिक खेलों की टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार कोरिया से 0-6 से हारकर बाहर हो गई। कोरिया के डियोक जे किम, वूजिन किम और जिनयेक ओह ने भारतीय टीम को 59-54, 59-57, 56-54 से हराया। भारतीय टीम ने इससे पहले कजाखस्तान को 6-2 से हराया था।
बॉक्सर आशीष कुमार बाहर
बॉक्सर आशीष कुमार को राउंड ऑफ 32 मुकाबले में चीन के एरबिएक तौहेता ने 5-0 से हराकर तोक्यो ओलिंपिक से बाहर कर दिया।
टेबल टेनिस में मनिका बत्रा हारीं
भारत की महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा महिलाओं की सिंगल स्पर्धा के तीसरे राउंड के मुकाबले में ऑस्ट्रिया की सोफिया पालकानोवा के खिलाफ 0 -4 (8-11, 2-11, 5-11, 7-11) से मुकाबला हार गईं।