एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पुरुष हॉकी टीम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पूल-बी में अपने पहले मैच में घाना के सामने है। हाफ-टाइम तक भारत ने घाना पर 5-0 की बढ़त बना रखी है। हाफ-टाइम तक भारत ने 63 प्रतिशत बॉल पजेशन बनाए रखा। वहीं, घाना का बॉल पजेशन 37 प्रतिशत है।
पहले क्वार्टर का खेल : अभिषेक ने पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई थी। इसके बाद 150वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेल रहे उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 10वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल दागा। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर में ड्रैग फ्लिक पर गोल किया। इसके बाद 14वें मिनट में शमशेर सिंह ने काउंटर अटैक पर गोल दाग भारतीय टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। भारत को पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और इस में दो पर भारत ने गोला दागे। पहले क्वार्टर के बाद भारत ने घाना पर 3-0 की बढ़त बना रखी थी।
दूसरे क्वार्टर का खेल : दूसरे क्वार्टर में आकाशदीप सिंह ने भारत के लिए चौथा गोल दागा। उन्होंने 20वें मिनट में गोल किया। इसके बाद जुगराज सिंह ने 22वें मिनट में गोल दाग भारत को 5-0 की बढ़त दिला दी। हाफ-टाइम तक यही स्कोर रहा।
स्वर्ण पदक है निशाने पर : भारतीय पुरुष हॉकी टीम राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक जीतने के अभियान में घाना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने उतरी है। कप्तान मनप्रीत की अगुआई में भारत ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीता था। इस बार टीम मनप्रीत राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलियाई दबदबे को खत्म करना चाहती है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सभी छह स्वर्ण पदक जीते हैं। यह भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। भारत के ग्रुप में घाना के अलावा इंग्लैंड, वेल्स और कनाडा की टीम है।