एबीएन स्पोर्र्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के लिए अक्टूबर-नवंबर में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप अहम है। टीम 9 साल से आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। इसके अलावा पिछले वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी। अब जबकि कप्तान बदल गया है, टीम अपने प्रदर्शन को भी आगे ले जाना चाहेगी। रोहित शर्मा की अगुआई में अभी टीम इंग्लैंड से वनडे सीरीज खेल रही है। वर्ल्ड कप की तैयारी को पुख्या करने के लिए बीसीसीआई आॅस्ट्रेलिया से सीरीज कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। कंगारू टीम भारत के दौरे पर आ सकती है। क्रिकबज की खबर के अनुसार, सितंबर-अक्टूबर में आॅस्ट्रेलिया की टीम भारत का दौरा कर सकती है। इस दौरान 6 मुकाबले खेले जाएंगे। 3 टी20 और 3 वनडे मैच की सीरीज हो सकती है। हालांकि वर्ल्ड कप को देखते हुए वनडे मैच के आयोजन को लेकर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। आॅस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन है। इसके अलावा अगले साल आॅस्ट्रेलिया को 4 मैचों टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारत आना है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण भी है।
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाली गावस्कर-बॉर्डर ट्रॉफी में अब 4 की जगह 5 मुकाबले हो सकते हैं। 2024 से शुरू होने नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम में इसे शामिल किया जाएगा। अभी सीरीज में 4 मैच होते हैं। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने कहा कि यह एक अच्छा कदम है। एशेज सीरीज की तरह यहां भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। वॉ ने भारत के खिलाफ 7 टेस्ट सीरीज खेली है। 3 में तो वे बतौर कप्तान उतरे हैं।