पांच मैच की टी-20 सीरीज का आखिरी और फाइनल मुकाबला आज शाम सात बजे से खेला जाएगा। दो-दो मैच जीत चुके भारत-इंग्लैंड अंतिम मैच अपने नामकर अहमदाबाद में सीरीज कब्जाने के लिए जी-जान लगा देंगे। बल्लेबाजों के लिए मददगार दिख रही नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर टॉस अहम साबित होगा। रात में ओस के कारण गेंद गीली होती है इसलिए टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी ही करने का फैसला चुनेंगे। पिछली दो सीरीज में भारत ने इंग्लैंड को धोया है। दोनों टीम के बीच अब तक कुल 18 मैच खेले गए हैं, दोनों ने नौ-नौ मैच जीते हैं। इंग्लैंड आज के मैच को जीतकर भारत को हराने वाली सबसे सफल टीम बनना चाहेगी। दरअसल, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही ऐसी टीम हैं जिसने टीम इंडिया को सर्वाधिक 9-9 बार हराया है। दूसरी ओर भारतीय टीम जीत के रथ पर सवार पर है। पिछली सात टी-20 सीरीज से वह अजेय है, जिनमें एक ड्रॉ और छह जीत है। फरवरी, 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद भारत ने कोई सीरीज नहीं गंवाई है। दोनों ही टीम के लिए यह वर्ल्ड टी-20 से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल है। दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज डेविड मलान सबसे तेज हजार रन बनाने का बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।