रांची। देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है, अब झारखंड में सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे को यह मौका मिला है। सलीमा टेटे का चयन टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। अब सलीमा टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी में भारत को गोल्ड दिलाने के लिए जी-जान लगाती नजर आएंगी महिला हॉकी की राष्ट्रीय टीम में सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे के साथ झारखंड की निक्की प्रधान का भी चयन किया गया है। झारखंड की दोनों बेटियों के भारत की महिला हॉकी टीम में चयन से झारखंड और सिमडेगा के खेल जगत में जबर्दस्त उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं और खिलाड़ियों के लिए ‘चक दे इंडिया’ का संदेश दिया है। सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे के चयनित होने पर सिमडेगा जिले में खास तौर से उत्साह का माहौल है। सलीमा के चयन पर स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। उनका कहाना है कि करीब 40 वर्षों के बाद सलीमा के रूप में सिमडेगा ने ओलंपिक के लिए भारत के लिए खेलने वाला हॉकी खिलाड़ी दिया है। झारखंड की दो बेटियों के ओलंपिक में चयन पर उनको और उनके परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा है। इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी ट्वीट कर दोनों को बधाई दी है। ओलंपिक के लिए चयनित भारतीय महिला हॉकी का स्क्वॉड : गोलकीपर- सविता, डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान (झारखंड), गुरजीत कौर, उदिता, मिडफिल्डर- निशा, नेहा, सुशील चानू पुखरांबम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे (झारखंड), फारवर्ड- रानी, नवनीत कौर, ललरेमसिआमी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।