एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। 12वीं राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 के लिए शुक्रवार को हॉकी झारखंड की टीम सिमडेगा से रांची रवाना हो गई। शनिवार को यह टीम गोवा के लिए रवाना होगी। यह प्रतियोगिता गोवा में चार मई से शुरू होगी और 15 मई को संपन्न होगी। झारखंड टीम का पहला मैच 6 मई को हॉकी उत्तराखंड के साथ खेला जाएगा। विदित हो कि 25 अप्रैल से 29 अप्रैल सुबह तक एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में हॉकी झारखंड की टीम के लिए प्रशिक्षण कैंप लगाया गया था। इस कैंप में 28 खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों को चयनित किया गया। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष सह हॉकी सिमडेगा अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बाद में टीम की घोषणा की और टीम को जीत की शुभकामना दी। मौके पर हॉकी कोच प्रतिमा बरवा और टीम के कोच राहुल मिंज भी उपस्थित थे। इससे पहले शुक्रवार सुबह अंतिम सत्र के अभ्यास के बाद झारखंड टीम में चयनित सभी खिलाड़ियों को हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी और हॉकी कोच प्रतिमा बरवा ने ट्रेन में आवागमन के टिप्स दिए। हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने बताया कि ट्रेन और उसके बाहर अपने आप को किस तरह सुरक्षित रख सकते हैं। सिमडेगा से बस से जाने के बाद शुक्रवार रात टीम रांची में आराम करेगी। वहीं हॉकी झारखंड के कार्यालय रांची से सारे किट आदि लेकर शनिवार अहले सुबह रांची से ट्रेन के माध्यम से गोवा रवाना होगी।