तीरंदाजी युगल दीपिका और अतनु को स्वर्ण, विश्व में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
ABN Bureau• 26 Apr, 2021
1 Views
विज्ञापन
एबीएन डेस्क । भारतीय तीरंदाजी की सितारा जोड़ी दीपिका कुमारी और उनके पति अतनु दास ने दो व्यक्तिगत स्वर्ण जीते जिससे भारत ने विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के पहले चरण में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका ने अपने कैरियर में विश्व कप में तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण जीता।
वहीं दास ने विश्व कप में पहला स्वर्ण अपने नाम करते हुए पुरूषों के रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में बाजी मारी। दोनों ने तीरंदाजी विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई भी कर लिया। पिछले साल जून में दीपिका से विवाह करने वाले दास ने कहा- हम साथ में यात्रा करते हैं, अभ्यास करते हैं, प्रतियोगिता करते हैं और जीतते हैं। उसे पता है कि मुझे क्या पसंद है और मुझे पता है कि उसे क्या पसंद है।
भारत के रिकर्व तीरंदाजों का यह विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है जिन्होंने दो व्यक्तिगत और एक टीम स्वर्ण जीता। रिकर्व पुरूष वर्गमें भी भारत का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2009 में जयंत तालुकदार ने क्रोएशिया में स्वर्ण जीता था। भारत के लिए दीपिका, अंकिता भकत और कोमलिका बारी ने टीम वर्ग में स्वर्ण जीतकर शुरूआत की। तीनों ने शूट आफ में मैक्सिको को 5-4 से हराया।