एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग में जबरदस्त वापसी की है। भुवनेश्वर में हुए प्रो लीग के मुकाबले में शनिवार का दिन अगर जर्मनी की लड़कियों का था, तो रविवार 13 मार्च को भारतीय टीम ने बाजी मारी।।टीम इंडिया ने दो चरण के मुकाबले के दूसरे चरण में जर्मनी को शूट आउट में 3-0 से हरा दिया और पहले चरण में शूट आउट में मिली हार का बदला पूरा किया। भारत और जर्मनी के बीच प्रो लीग के इन दोनों मुकाबलों में जोरदार टक्कर मिली और दोनों बार फैसला शूटआउट से ही हुआ।
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में शनिवार 12 मार्च को पहले लेग में भारत को शूट आउट में 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। ऐसे में टीम इंडिया के लिए इस मैच में वापसी करना जरूरी था और सविता रानी की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने निराश नहीं किया। दूसरे लेग में भी दोनों टीमें पूरे 60 मिनट में हार-जीत केे फैसले लायक स्कोर नहीं कर सकीं और निर्धारित समय के बाद स्कोरलाइन 1-1 से बराबर थी जिसके बाद शूट आउट का सहारा लेना पड़ा। उसके बाद मुकाबला शूट आउट में पहुंचा, जहां संगीता कुमारी, सलीमा टेटे और सोनिका ने पहले तीन प्रयास में भारत की ओर से गोल दाग दिए। वहीं जर्मनी की टीम अपने पहले तीन प्रयास में भारतीय गोलकीपर सविता से पार पाने में नाकाम रही। मेहमान टीम के लिए तीन प्रयास के लिए लिली स्टोफेलस्मा, लेना फ्रेरिक्स और सारा स्ट्रॉस उतरी थी, लेकिन कोई भी इसे गोल में तब्दील नहीं कर सका।
भारत को पॉइंट्स टेबल में उछाल : इस जीत से भारत को बोनस अंक सहित दो अंक मिले जबकि जर्मनी ने एक अंक हासिल किया। भारत इस जीत की बदौलत एफआईएच प्रो लीग तालिका में एक स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत के छह मैच में 12 अंक हैं। अर्जेन्टीना चार मैच में 12 अंक के साथ शीर्ष पर चल रहा है। टीम इंडिया का अगले दो मुकाबले इंग्लैंड के खिलाफ हैं। इसी मैदान पर ये मुकाबले दो और तीन अप्रैल को खेले जाएंगे।