एबीएन डेस्क। जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के दो शीर्ष अधिकारियों ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में आमूल-चूल बदलाव हो सकते हैं। एक ने तो यहां तक सुझाव दे दिया कि इन्हें अब भी रद्द किया जा सकता है और दूसरे ने कहा कि अगर वे इसे आयोजित भी करते हैं तो इसका आयोजन दर्शकों के बिना हो सकता है। एलडीपी के महासचिव तोशिहिरो निकाई ने टोक्यो ओलंपिक के लिए 100 दिन की उलटी गिनती शुरू होने के एक दिन बाद ही यह रद्द होने का सुझाव दिया। उन्होंने यह टिप्पणी जापान के टीबीएस टीवी द्वारा रिकॉर्ड किए गए शो में की।
निकाई ने कहा, अगर खेलों को आयोजित करना असंभव दिखता है तो इन्हें निश्चित रूप से रद्द किया जाना चाहिए। अगर ओलंपिक की वजह से संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होती है तो ओलंपिक कराने का कोई मतलब नहीं होगा। यह पूछने पर कि क्या रद्द किया जाना अब भी एक विकल्प है तो निकाई ने कहा, निश्चित रूप से। लेकिन उन्होंने साथ ही यह भी कहा, जापान के लिए सफल ओलंपिक करना महत्वपूर्ण है। यह एक बड़ा मौका है। मैं इन्हें सफल बनाना चाहता हूं।