एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार (27 नवंबर) को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
करीब तीन सीजन बाद रोहित एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। इससे पहले 2024 सीजन से पहले उनसे कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। दरअसल, हार्दिक पांड्या हाल ही में ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हो गये हैं।
उनके बदले पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं। हार्दिक के टीम से जाने के बाद मुंबई को नए कप्तान की तलाश थी। अब फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे सफल कप्तानों में शामिल रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है।
दोबारा कप्तान बनाये जाने के बाद रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है। रोहित ने कहा, मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही है। इस टीम की अगुवाई करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ बातचीत काफी उत्साहजनक रही है।
मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह 20वें सीजन की चुनौतियों के लिए तैयार हैं और टीम के प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई मौके देना चाहते हैं। उनका ध्यान टीम के अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा।