रांची जिला जिम्नास्टिक संघ द्वारा अस्मिता सिटी लीग के अंतर्गत एरोबिक्स, एक्रोबैटिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का आयोजन
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में जिम्नास्टिक खेलों के विकास, विस्तार तथा महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को अधिकाधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से रांची जिला जिम्नास्टिक संघ द्वारा अस्मिता सिटी लीग के अंतर्गत एरोबिक्स, एक्रोबैटिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का आयोजन किया जायेगा।
इस संबंध में आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में राज्य में जिम्नास्टिक की विभिन्न विधाओं को प्रोत्साहित करने, नयी प्रतिभाओं की पहचान करने तथा खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची जिला जिम्नास्टिक संघ अस्मिता सिटी लीग के तहत तीन प्रमुख विधाओं झ्र एरोबिक्स जिम्नास्टिक, एक्रोबैटिक्स जिम्नास्टिक एवं रिदमिक जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। इस आयोजन के माध्यम से विशेष रूप से बालिका एवं महिला खिलाड़ियों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में झारखंड जिम्नास्टिक संघ द्वारा झारखंड राज्य रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन एवं मूल्यांकन करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में भी पहल की जायेगी।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि झारखंड में जिम्नास्टिक की सभी विधाओं का समान रूप से विकास हो तथा जिला संघों की सक्रिय भागीदारी से खेल का आधार व्यापक बनाया जाये। अस्मिता सिटी लीग जैसी पहल महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।
झारखंड जिम्नास्टिक संघ का मानना है कि इन प्रतियोगिताओं के आयोजन से राज्य में जिम्नास्टिक खेल को नई गति मिलेगी और रांची सहित अन्य जिलों की उभरती प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्राप्त होगा। झारखंड जिम्नास्टिक संघ सभी जिला संघों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से इन आयोजनों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील करता है। उक्त जानकारी झारखंड जिम्नास्टिक संघ की सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने दी।