एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क, जयपुर (राजस्थान)। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित एस.एम.एस. स्टेडियम में 12 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित आॅल एज ग्रुप एरोबिक जिम्नास्टिक्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026-27 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया।
प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा—
- सीनियर व्यक्तिगत पुरुष वर्ग : परमेश्वर राय - प्रथम राउंड में शानदार प्रदर्शन।
- जूनियर व्यक्तिगत महिला वर्ग : क्वालिफिकेशन राउंड में चौथा स्थान।
- जूनियर मिश्रित जोड़ी वर्ग : चंदा एवं आदित्य राज - पांचवां स्थान।
- सीनियर समूह वर्ग : नयन, ऋष्टी, अनुराग, टोनू एवं विकास की टीम - क्वालिफिकेशन राउंड में चौथा स्थान।
- जूनियर तिकड़ी वर्ग : दिशा, नंदी एवं राधिका - प्रथम राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
विशेष रूप से जूनियर तिकड़ी वर्ग में झारखंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की है। अब 15 नवंबर 2026 को होने वाले फाइनल मुकाबले में झारखंड के खिलाड़ी पदक जीतने के लक्ष्य के साथ अपना दमखम दिखायेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। यह प्रदर्शन राज्य में एरोबिक जिम्नास्टिक्स के निरंतर विकास और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। एसोसिएशन ने फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी फाइनल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य के लिए पदक हासिल करेंगे। झारखंड की टीम का यह प्रदर्शन राज्य के उभरते जिम्नास्टिक्स खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।