- लोहरदगा में फुटबॉल का महाकुंभ
- विदेशी और राष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान में सांसद आवास पर टी-पार्टी, ट्रैक सूट देकर किया सम्मानित
- यहां प्रोफेशन नहीं, परिवार जैसा प्यार मिला। लोहरदगा की मेहमान बाजी पर मुरीद हुई विदेशी फुटबॉलर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा में फुटबॉल का महाकुंभ लोहरदगा प्रीमियर लीग (एलपलएल) नदिया हिंदू हाई स्कूल के मिनी स्टेडियम में पूरे शबाब पर है। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें साउथ अफ्रीका के विदेशी खिलाड़ियों के साथ-साथ मणिपुर, बंगाल राज्य के खिलाड़ी हिस्सा लिया हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल रहा है।
इसी कड़ी में आज लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने सभी विदेशी और राष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान में अपने आवास पर एक आत्मीय टी-पार्टी का आयोजन किया। सांसद ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टी-पार्टी सिर्फ चाय-पार्टी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मंच बन गयी।
इस दौरान साउथ अफ्रीका, पूर्वी भारत और झारखंड की संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विदेशी और मणिपुर-बंगाल के खिलाड़ियों ने अपने पारंपरिक गीत-संगीत पर अपने कल्चर को प्रदर्शित करते हुए जमकर डांस किया। इस खुशी के माहौल में सांसद सुखदेव भगत खुद भी डांस में शामिल होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आये।
मौके पर सांसद श्री भगत ने कहा कि इस तरह के आयोजन से हमारे स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। आज यहां झारखंड, पूर्वी भारत और साउथ अफ्रीका की संस्कृति का मिलन हुआ है। खेल सिर्फ खेल नहीं है, खेल के माध्यम से संस्कृति और दिलों का भी आदान-प्रदान होता है। लोहरदगा आज इसी का गवाह बन रहा है।
सांसद ने सभी खिलाड़ियों के सम्मान में अपने निजी स्तर से ट्रैक सूट देकर उन्हें सम्मानित किया। इस सम्मान से अभिभूत होकर विदेशी और पूर्वी भारत के खिलाड़ियों ने कहा कि हम देश में बहुत जगह खेलने जाते हैं, लेकिन वहां हमें सिर्फ प्रोफेशनल खिलाड़ी की तरह ट्रीट किया जाता है। लेकिन लोहरदगा में सांसद सुखदेव भगत के द्वारा हमें परिवार के सदस्य की तरह सम्मान और प्यार मिला है, जो हमारे लिए अविस्मरणीय है।
सभी खिलाड़ियों ने इस आत्मीय सम्मान के लिए सांसद का हृदय से आभार प्रकट किया। मौके पर आबिद हुसैन कोच कोलकाता, अध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ, सचिव साजिद अहमद, आलोक कुमार साहू, शाश्वत सिद्धार्थ भगत, विनय उरांव सहित अनेक लोगों उपस्थित थे।