भारी बारिश के बावजूद उमड़ा हजारों खेलप्रेमियों का जनसैलाब
मुख्य अतिथि टाइगर जयराम महतो और विशिष्ट अतिथि देवेन्द्र नाथ महतो विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत कर जन समूह को संबोधन किया
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एफसी फुरहुराटोली, केदल, बीआईटी रांची द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला भारी बारिश के बीच उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबला एनटीएल लालगंज एवं मुनिस्टर एफसी कांके के बीच खेला गया, जिसमें एनटीएल लालगंज की टीम विजेता तथा मुनिस्टर एफसी कांके की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ जयराम महतो, केंद्रीय अध्यक्ष झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सह विधायक, डुमरी एवं विशिष्ट अतिथि दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो, केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष जेएलकेएम शामिल हुए। इनके साथ मनरखन महतो, अध्यक्ष एमआरएम एजुकेशन ट्रस्ट; संतोष महतो, अध्यक्ष उदय मेमोरियल बीएड कॉलेज एवं राहुल मुंडा, मुखिया ग्राम पंचायत केदल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विजेता एवं उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि डॉ जयराम महतो एवं विशिष्ट अतिथि देवेंद्र नाथ महतो सहित अतिथियों ने पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारी बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में खेलप्रेमियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि डॉ जयराम महतो ने कहा कि आधुनिक जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। खेल से मानसिक एवं शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने झारखंड की वर्तमान राजनीतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि 26 वर्षों के झारखंड में अब राजनीति का तेवर बदलने की आवश्यकता है। सरायकेला थाना में महिलाओं के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जायें, तो पीड़ित न्याय के लिए आखिर कहां जाये? ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई और व्यवस्था में बदलाव जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीमवर्क, संघर्ष और लक्ष्य प्राप्ति की सीख देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी युवा पलायन करने को मजबूर हैं, किसान-मजदूर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा शिक्षा और भर्ती व्यवस्था में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायतें बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सत्ता और कुर्सी प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसा झारखंड बनाना है जहां हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार, पलायन पर रोक, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण तथा जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित हो। जेपीएससी-जेएसएससी सहित सभी भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता स्थापित हो। उन्होंने विशेष रूप से ब्लॉक, अंचल एवं थाना स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
साथ ही उन्होंने समाज में भ्रम, नफरत और आपसी विभाजन फैलाने वाली अफवाहों से सावधान रहने तथा एकता बनाये रखने की अपील की। इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार महतो, सचिव चंदन कुमार महतो एवं कोषाध्यक्ष बिरेंद्र महतो सहित समस्त आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में जितेंद्र महतो, केंद्रीय महामंत्री, संजय कुमार महतो, रांची जिला अध्यक्ष मनीष महतो, जिला प्रवक्ता महावीर साहू, सिल्ली प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो, समाजसेवी एकलाख अंसारी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी धनबाद लक्ष्मण महतो, डॉ महेश कुमार, बिहारी महतो, मांडू, फुलेसर बैठा, पूर्व प्रत्याशी कांके, बिहारी महतो, पूर्व प्रत्याशी मांडू, रूपा महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष भोला महतो, विराट महतो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।