Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 17
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
खेल समाचार

रेड कार्पेट की जगह मिलता है बाहर का रास्ता!

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
रेड कार्पेट की जगह मिलता है बाहर का रास्ता!
विज्ञापन

अजय सानी 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के किसी भी कोने में अगर दो ओपनर मिलकर पावरप्ले के 6 ओवर में बिना कोई विकेट खोये 118 रन कूट दें, तो अगली सुबह मैनेजमेंट उनके नाम की आरती उतारता है और अगले मैच में उतरने के लिए रेड कार्पेट बिछा देता है। लेकिन हमारे यहां का सिस्टम ही अलग ग्रह से आपरेट होता है। यहां पावरप्ले में गेंदबाजों का धागा खोलने का ईनाम यह मिलता है कि अगले मैच में सीधे डगआउट की ठंडी बेंच पर बिठाकर हाथ में पानी की बोतलें थमा दी जाती हैं! 

और सबसे बड़ा मजाकिया पहलू तो देखिये- आज का मैदान सीरीज का सबसे छोटा मैदान है! ऐसा लगता है कि टीम मैनेजमेंट और थिंक टैंक को इसी बात का खौफ सता रहा था कि अगर आज इस लड़के को इस छोटे ग्राउंड पर बल्ला घुमाने की छूट दे दी, तो कहीं यह टी-20 में ही दोहरा शतक न ठोंक दे और विरोधी गेंदबाजों का क्रिकेट से भरोसा ही न उठ जाये। 

आखिर ऐसी क्या मजबूरी या किस बात का डर था? या फिर यह मान लिया जाए कि क्रिकेट के पूरे इतिहास में सोशल मीडिया और फैंस से गालियां खाने के प्रति इतना गहरा समर्पण और अटूट निष्ठा आज तक किसी दूसरे टीम मैनेजमेंट में नहीं देखी गयी? 

जब पूरी दुनिया फियरलेस क्रिकेट की माला जप रही है और आपकी टीम में एक ऐसा युवा हीरा मौजूद है जो मैदान पर कदम रखते ही पहली गेंद से तबाही मचाने का माद्दा रखता है, तब उसे अचानक ड्रॉप करके वही घिसी-पिटी रोटेशन पॉलिसी का चूर्ण बांटना समझ से परे है। अभिषेक और वैभव की उस आतिशबाजी के बाद फैंस आज उसी तूफान का दूसरा पार्ट देखने के लिए स्क्रीन से चिपके बैठे थे, लेकिन मैनेजमेंट ने ऐसा बेतुका फैसला सुनाया कि देखने वाले सिर्फ माथा पीट कर रह गये। 

इसे रणनीति नहीं, सीधे-सीधे अपनी ही चलती गाड़ी के पहिए में खुद डंडा फंसाना कहते हैं। अगर 118 रन की ऐतिहासिक शुरुआत देने के बाद भी खिलाड़ी को बेंच ही नसीब होनी है, तो फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठकर निडर और बेखौफ क्रिकेट का लंबा-चौड़ा ज्ञान बघारना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए।

विज्ञापन