भारत में कलात्मक तैराकी के विकास को मिलेगी नयी दिशा
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची निवासी विकाश कुमार गोप ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनका चयन विश्व जलीय खेल महासंघ के अंतर्गत आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय कलात्मक तैराकी प्रशिक्षक प्रमाणन पाठ्यक्रम में हुआ है। यह पाठ्यक्रम मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित किया जायेगा।
इसमें आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विकास कुमार गोप इस अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम के लिए चयनित होने वाले भारत के पहले व्यक्ति हैं। उनका यह चयन भारतीय खेल जगत, विशेषकर कलात्मक तैराकी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विकास कुमार गोप वर्तमान में झारखंड खेल प्रोत्साहन सोसाइटी के अंतर्गत जिम्नास्टिक प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वे जिम्नास्टिक और योग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। खेल के क्षेत्र में अपने अनुभव, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनायी है।
पिछले तीन वर्षों से वे भारतीय राष्ट्रीय कलात्मक तैराकी टीम को प्रदर्शन संबंधी प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उनके अनुभव और कौशल से भारत में कलात्मक तैराकी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलने की उम्मीद है।
विश्व जलीय खेल महासंघ के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उन्हें कलात्मक तैराकी की आधुनिक तकनीकों, प्रशिक्षण पद्धतियों तथा खिलाड़ियों को तैयार करने के अंतरराष्ट्रीय मानकों का ज्ञान प्रदान करेगा। इससे देश में इस खेल के प्रशिक्षण स्तर को बेहतर बनाने, नयी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी।
विकास कुमार गोप के इस गौरवपूर्ण चयन पर झारखंड तैराकी संघ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संघ के शैलेंद्र कुमार तिवारी ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा जतायी कि विकास कुमार गोप अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव का उपयोग भारत में कलात्मक तैराकी के विकास के लिए करेंगे तथा भविष्य में देश को नयी उपलब्धियां दिलाने में योगदान देंगे।
विकास कुमार गोप की यह उपलब्धि झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन राज्य की खेल प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिचायक है। उम्मीद है कि उनके प्रयासों से भारत में कलात्मक तैराकी को नयी पहचान मिलेगी और अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे। उक्त जानकारी झारखंड तैराकी संघ के शैलेंद्र कुमार तिवारी (91999 90412) और विकास गोप (7484914066) ने दी।