- रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच पर बारिश का साया
- क्रिकेट मैच पर मौसम की वक्र दृष्टि, 9 अक्टूबर को रांची में बारिश और तेज हवा डाल सकती है खलल!
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 से 9 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहने और बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। हालांकि क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता 9 अक्टूबर के संभावित मौसम को लेकर है। क्योंकि इस दिन रांची के जेएसी स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच खेला जाना है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में टी-20 मुकाबला होना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उस दिन रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। 9 अक्टूबर को रांची में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं और गरज वाले बादल बनने की स्थिति रह सकती है। इसके अलावा राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
इस दिन राज्य के उत्तर-पूर्वी (देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा), मध्य (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद) और दक्षिणी भागों के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ स्थानों के अलावा उत्तर पश्चिम के पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघ गर्जन होने की संभावना है।
राज्य के मौसम में आये इस बदलाव के पीछे मुख्य रूप से दो ट्रफ रेखाएं और दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा का सक्रिय होना है। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक इस समय झारखंड के ऊपर कई मौसमी प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश पर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ रेखा सीधे झारखंड, दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा से होकर गुजर रही है।